बस्ती की 15 सड़कों की दूर होगी बदहाली
बस्ती। जिले की 15 सड़कों की बदहाली जल्द दूर होगी। शासन ने इस पर कार्य शुरू कराने के लिए मार्च में ही मंजूरी देकर धन जारी कर दिया है। पीडब्लूडी विभाग ने टेंडर आदि की प्रक्रिया भी चालू कर दिया, लेकिन इसी बीच नगर निकाय चुनाव के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। उम्मीद जताई जा रही है कि बरसात से पहले ही यह सड़कें दुरुस्त हो जाएंगी और राहगीरों का आवागमन आसान हो जाएगा।
जिले में सड़कों की जर्जर हालत देखते हुए पीडब्लूडी के प्रांतीय खंड ने 9 व निर्माण खंड एक ने 6 सड़कों के मरम्मत व नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा था। इनके लिए कुल 25 करोड़ 43 लाख 37 हजार रुपए खर्च होने का अंदाजा लगाया गया था।
कुल 113 किमी लंबी सड़कों के मरम्मत व नवीनीकरण के लिए शासन ने 16 मार्च को ही इस प्रस्ताव पर मंजूरी देते हुए 50 लाख 88 हजार रुपए बतौर टोकन मनी जारी कर दिया, तत्काल टेंडर आदि की प्रक्रिया शुरू कर कार्य चालू करने का निर्देश दिया। लेकिन निकाय चुनाव के कारण निर्माण प्रक्रिया थम गई।
जिन सड़कों की मरम्मत होनी है उनमें बस्ती अयोध्या फोरलेन से बाघानाला-परशुरामपुर ,परसा-परशुरामपुर, कप्तानगंज-पिपरागौतम वाया नगर बाजार, रजवापुर मार्ग से भगवानपुर, पठकापुर-परशुरामपुर मार्ग से ढेलगढ़वा, टूटीभीटी- विक्रमजोत से अमीनडीह, गोटवा-चिलमा मार्ग पर बढ़नी से गूनाजोत, देईडीहा बुजुर्ग से केवाड़ी एहतमाली होते हुए उमरिया, कलवारी बीजगोदाम से चनगहिया, पीलीभीत- बहराइच-बस्ती वाया डुमरियागंज, मेहदावल-रुधौली- डुमरियागंज, बस्ती-मेहदावल-कप्तानगंज-तमकुही, रामनगर-लोढ़वा बाबा मैलानी, चितगोड़िया संपर्क मार्ग, सोनहा-आमा से परसा लंगड़ा मार्ग शामिल है।
रुधौली बस्ती से अजय पांडेय की रिपोर्ट
Comments
Post a Comment